
पाकिस्तान के दावे पर भारत की प्रेस कॉन्फ्रेंस।
War Against Terror: पाकिस्तानी सेना ने अपने तीन एयरबेस पर भारत की ओर से मिसाइल अटैक किए जाने का दावा किया है। पाकिस्तानी सेना के इस दावे पर भारत की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कर्नल सोफिया कुरैशी ने इस दौरान बताया कि पाकिस्तान सेना ने पूरी पश्चिम सीमा पर लगातार आक्रामक गतिविधियां जारी रखीं। इसमें ड्रोन्स और अन्य लड़ाकू विमानों का उपयोग करके भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया। नियंत्रण रेखा पर भी भारी कैलिबर और ड्रोन हथियारों से गोलाबारी की। अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर श्रीनगर से नलिया तक 26 से अधिक स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को निष्क्रिय किया। इसके बावजूद उधमपुर, पठानकोट, आदमपुर, भुज, बठिंडा के वायु सेना स्टेशनों को हानि पहुंचाई।
6 पाकिस्तानी एयरबेस ध्वस्त
पाकिस्तान ने सुबह 1.40 बजे हाई स्पीड मिसाइल का इस्तेमाल करके पंजाब के एयरबेस स्टेशनों को दागने की कोशिश की। पाकिस्तान ने एक निंदनीय कृत्य करते हुए श्रीनगर, अवंतीपुर और उधमपुर में वायु सेना के अड्डों पर चिकित्सा केंद्र और स्कूल परिसर को निशाना बनाया। इससे पाकिस्तान द्वारा सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करने की गैर जिम्मेदाराना हरकत फिर से उजागर हुई। पाकिस्तान द्वारा सैन्य ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाने के बाद भारतीय सेना ने भी चुनकर सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसमें पाक के रफीकी, चकलाला, रहीमयार खान, मुरीद, सुक्कूर और चुनिया स्थित पाक सैन्य ठिकानों पर प्रहार किए गए। इस दौरान भारत ने कम से कम कौलैटरल डैमेज की क्षति सुनिश्चित की।
अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्ग का किया दुरुपयोग
पाकिस्तान ने लाहौर से उड़ान भरने वाले नागरिक विमानों की आड़ लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों का दुरुपयोग किया। ताकि वह अपनी गतिविधियां छिपा सकें। पाकिस्तान ने कई झूठी खबरें भी फैलाई। पाकिस्तान के मिसइंफॉर्मेशन कैंपेन का जिक्र करते हुए कर्नल कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने मिसइंफॉर्मेशन का सहारा लेते हुए आदमपुर स्थित S-400 प्रणाली, सूरतगढ़ और सिरसा के हवाई अड्डों, नगरोटा के ब्रह्मोस बेस, डेहरागिरी के तोपखाना पोजीशन तथा चंडीगढ़ के अग्रिम गोलाबारूद डिपो के नष्ट करने के झूठे दावे सोशल मीडिया पर फैलाए। भारत इन फॉल्स नैरेटिव्स को पूर्णतः खारिज करता है।
पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी
नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने ड्रोन घुसपैठ और भारी तोपखाना गोलाबारी के कई प्रयास किए। कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी और अखनूर सेक्टर्स में तोप, मोर्टार एवं हल्के हथियारों से भीषण गोलाबारी जारी रही। भारतीय सेना ने प्रभावी और तुलनात्मक प्रत्युत्तर देते हुए पाक सेना को काफी क्षति पहुंचाई। साथ ही कर्नल कुरैशी ने पाकिस्तान सेना की अग्रिम क्षेत्रों में बढ़ती दिख रही सैनिक डिप्लॉयमेंट को पाकिस्तान की तरफ से स्थिति को और भड़काने की पाकिस्तानी मंशा दर्शाना बताया। भारतीय सरकार की तरफ से बार बार यह बात दोहराई जा रही है कि भारत तनाव वृद्धि नहीं चाहता, बशर्ते पाकिस्तान भी ऐसा ही व्यवहार करे।
भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर
बता दें कि इससे पहले भारत ने भी पाकिस्तान पर 06-07 मई की रात एयरस्ट्राइक की थी। भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर स्ट्राइक की। इसमें कई आतंकवादी भी मारे गए। भारत ने इस स्ट्राइक को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद का एक्शन बताया। इसके साथ ही भारत ने कहा कि इस हमले में पाकिस्तान के किसी भी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया और न ही किसी आम नागरिक को इससे क्षति पहुंची है। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया।
भारत पर उकसावे की कार्रवाई
पाकिस्तान की ओर से भारत पर लगातार उकसावे की कार्रवाई की जा रही है। बीते दो दिनों से रात के समय पाकिस्तान की ओर भारत के शहरों को निशाना बनाकर लगातार मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं। हालांकि भारत के एयर डिफेंस सिस्टम के द्वारा पाकिस्तान हमलों को निष्क्रिय कर दिया जा रहा है। शुक्रवार को भी पाकिस्तान ने भारत के 26 शहरों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए थे।







